बीच शादी मैरिज गार्डन सील करने पहुंची टीम

शहर में बिना लाइसेंस चल रहे मैरिज गार्डनों पर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम टीम ने शुक्रवार को सिविल लाइन जोन क्षेत्र में बिना लाइसेंस व शुल्क जमा कराए संचालित 4 मैरिज गार्डनों पर कार्रवाई की है। इस दौरान टीम एक ऐसे मैरिज गार्डन को भी सील करने पहुंच गई, जहां लगन-टीका कार्यक्रम चल रहा था। निगम टीम को देखकर कार्यक्रम में शामिल लोगों में हड़बड़ी मच गई।


कार्यक्रम वाले नगर निगम की सीज कार्रवाई का विरोध करते रहे और वहीं निगम टीम सीज करने पर अड़ी रही। काफी जद्दोजहद के बीच मैरिज गार्डन संचालक को फोन कर कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई। मैरिज गार्डन संचालक द्वारा बकाया राशि जमा कराने की सहमति के बाद निगम टीम बिना सीज किए लौट आई। इसके बाद निगम कार्यालय पर आकर मैरिज गार्डन का बकाया शुल्क जमा करवा दिया गया। तब जाकर मामला सुलझा। .


वहीं, 3 मैरिज गार्डनों को सीज कर दिया गया। सिविल लाइन जोन उपायुक्त रामकिशोर मेहता ने बताया कि बिना लाइसेंस व बकाया राशि जमा कराए मैरिज गार्डन संचालित हो रहे थे। इसलिए 4 मैरिज गार्डन पर कार्रवाई की गई। इनमें से पिंकसिटी मैरिज गार्डन को सीज करने गए तो शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। निगम कार्यालय आकर संचालक ने बकाया राशि जमा करवा दी गई है। वहीं सतर्कता शाखा टीम के सहयोग से गांधी पथ पश्चिम स्थित रानी बाग मैरिज गार्डन, चौपड़ा मैरिज गार्डन व महारानी बाग मैरिज गार्डन को सीज कर दिया गया है।